बहराइच। नवोदय विद्यालय में शनिवार रात पानी न लाने पर वरिष्ठ छात्र ने जूनियर छात्र को पीट दिया। पीड़ित छात्र की शिकायत पर विद्यालय पहुंचे अभिभावकों से भी छात्रों की नोकझोंक हुई। बाद में प्रधानाचार्य ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। हुजूरपुर के भेटिया गांव निवासी रुद्र प्रताप सिंह नवोदय विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र है। आरोप है कि शनिवार रात विद्यालय के कुछ वरिष्ठ छात्रों ने उससे पानी मंगवाया। पानी लाने से इन्कार करने पर वरिष्ठ छात्रों ने कमरे में ले जाकर उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र की शिकायत पर उसके पिता अरविंद सिंह रविवार को विद्यालय पहुंचे तो उनसे भी आरोपी छात्रों ने नोकझोंक की। देहात कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया था, लेकिन कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।