दस दिन में काम पूरा करने का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। हरिहरपुररानी के पूरेअधारी गांव में अमृत सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके निर्माण की गति काफी धीमी होने के कारण एक माह बाद भी कार्य अधूरा है। इसका खुलासा बुधवार को सीडीओ के औचक निरीक्षण में हुआ। नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने दस दिन में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
पूरे अधारी गांव में निर्माणाधीन अमृत सरोवर का सीडीओ अनुभव सिंह ने औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि सरोवर की सीढ़ी पर दीवार की जुड़ाई का कार्य चल रहा है। सरोवर में आगे की तरफ इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया है जबकि पाथवे का निर्माण नहीं हुआ है। सीडीओ ने चारों तरफ पाथवे पर इंटरलॉकिंग लगाने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए कार्य में तेजी लाकर दस दिन में पूरा करने का निर्देश दिया। सीडीओ ने कहा कि बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा के इस कार्य में रुचि नहीं ले रहे हे। निर्धारित अवधि में कार्य पूरा न हुआ तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपायुक्त, श्रम रोजगार को निर्देश दिया कि प्रतिदिन कार्य की समीक्षा करें। साथ ही जिले में निर्मित अन्य अमृत सरोवरों की प्रगति की रिपोर्ट विकास खंडवार (अमृत सरोवर वार) प्रत्येक दिन प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त, श्रम रोजगार व बीडीओ हरिहरपुररानी जय प्रकाश सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद