बहराइच में रविवार को दिन भर छाए रहे काले बादल।
बहराइच। जिले में शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश ने मौसम को कुछ देर के लिए सुहाना जरूर बनाया, लेकिन रविवार सुबह धूप निकलते ही उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी। रात करीब 1:30 बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुक कर भोर तक जारी रही। सुबह बादल छंटने के बाद तेज धूप निकल आई, जिससे पूरे दिन लोग उमस से बेहाल रहे। दोपहर बाद बादल आते जाते रहे। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी ने बताया कि आगामी दिनों में भी जिले में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में उमस और बिजली व्यवस्था दोनों लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।