- पीड़िता के पिता ने एसपी को पत्र सौंपकर लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। नाबालिग बिटिया के साथ दुराचार के मामले में नवाबगंज की पुलिस की विवेचना से संतुष्ट न होने पर पीड़िता के पिता ने अब इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की है। शुक्रवार को इस संबंध में पीड़िता के पिता ने एसपी से मिलकर उन्हें अपना मांग पत्र भी सौंपा।
पीड़िता के साथ हुए दुराचार के इस मामले में नवाबगंज पुलिस ने घटना की आनन फानन में जांच कर फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल कर दी थी। पीड़िता के पिता ने पुलिस की विवेचना पर सवाल उठाते हुए सिविल जज एफटीसी के कोर्ट में एक याचिका दाखिल की थी। इस पर कोर्ट ने पुलिस की रिपोर्ट को निरस्त कर पुन: विवेचना कराने का निर्देश दिया था। इसी मामले में अब पीड़िता के पिता ने शुक्रवार को एसपी को एक पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि नाबालिग बिटिया के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में थाने के विवेचना अधिकारी व एक महिला आरक्षी ने नामजद अभियुक्तों से साठगांठ कर विवेचना बीच में छोड़कर ही फाइनल रिपोर्ट लगा दी। ऐसे में पुन: थाने की पुलिस द्वारा विवेचना कराने पर न्याय मिलना संभव नहीं दिखता है। इस लिए जांच में पारदर्शिता व निष्पक्षता बरतने के लिए पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी जाए।