बहराइच। बाराबंकी से नेपाल स्मैक की खेप लेकर तस्करी के लिए जा रहे अंतरजनपदीय तस्कर को दरगाह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तस्कर के पास से स्मैक की खेप बरामद हुई है। तस्कर के पास से बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत सवा करोड़ रुपये आंकी गई है।
दरगाह थानाध्यक्ष मनोज सिंह दलबल के साथ रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार की रात चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान एक युवक संदिग्ध हालात में खड़ा दिखाई पड़ा। युवक को खड़ा देख थानाध्यक्ष उसके पास जाने के लिए आगे बढ़े तो वह भागने लगा। इस पर थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ युवक को दौड़ा कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास 210 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर थाने लाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान तस्कर ने बताया कि वह बाराबंकी से स्मैक लेकर नेपाल बेचने के लिए निकला था। रास्ते में वह किसी का इंतजार कर रहा था। इस दौरान चेकिंग के समय उसे दबोच लिया गया। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र निवासी नसीम राइनी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल रवाना कर दिया गया है। बरामद स्मैक की कीमत सवा करोड़ रुपये आंकी गई है।