डीएम ने कलेक्ट्रेट के सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। कलेक्ट्रेट के सभागार में रविवार को जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने बैठक की। बैठक में डीएम ने प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देशों से अवगत कराते हुए आदर्श आचार संहिता के दायरे में रहकर ही चुनाव में प्रचार-प्रसार करने का करने का पाठ पढ़ाया।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम मोनिका रानी ने कहा कि प्रशासन लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र व शांतिपूर्ण ढंग से कराने को लेकर कटिबद्ध है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी दोस्ताना माहौल में चुनाव लड़ते हुए भरत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का बारीकी से अध्ययन करते हुए स्वयं पालन करें और अपने कार्यकर्ताओं को भी पालन करने का निर्देश दें। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन क्षम्य नहीं हैं। डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों चुनाव की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की घोषणा करने के बाद जिले में आदर्श आचार संहिता के सुसंगत प्रावधान लागू कर दिए गए हैं। डीएम मानिका व एसपी वृंदा शुक्ला ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि सभी आदर्श आचार संहिता के दायरे में रहते हुए सक्षम स्तर से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही प्रचार-प्रसार का कार्य करें। प्रचार-प्रसार के दौरान ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी व्यक्ति अथवा समुदाय की भावना को ठेस न पंहुचें। डीएम ने कहा कि सभी सरकारी मशीनरी को पूरी निष्पक्षता के साथ चुनाव कार्य को संपन्न कराने में लगा दिया गया है। डीएम ने बताया कि आयोग के दिशा निर्देशों के तहत कलेक्ट्रेट पर सिंगल विंडो की स्थापना कर दी गई है। जिसकी नोडल अधिकारी नगर मजिस्ट्रेट हैं। बैठक में एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, भाजपा से सुनील श्रीवास्तव, रणविजय सिंह, सपा से जफरउल्ला खां बंटी, बसपा से अजय कुमार गौतम, कांग्रेस से गोपीनाथ, अपना दल एस से गिरीश पटेल समेत अन्य दलों के प्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
.......................
वीरेंद्र श्रीवास्तव