बहराइच। भारत-नेपाल सीमा स्थित रुपईडीहा कस्बे में बहुउद्देशीय हब का निर्माण होना है। भूमि अधिग्रहण के लिए चिन्हित दुविधापुर, जैतापुर व सुरैया के भूमि काश्तकारों के साथ जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को बैठक की। डीएम ने कहा कि बहुउद्देशीय हब के निर्माण से क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा।
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार रुपईडीहा सहित प्रदेश के 10 चयनित अंतराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर प्रदेश की सीमा से अन्दर बहुउद्देशीय हब का निर्माण कराया जाना है। हब के निर्माण का मुख्य उद्देश्य है कि प्रदेश के पड़़ोसी देशों/राज्यों से आने वाले पर्यटकों में प्रदेश की अच्छी छवि बनाने के लिए सीमा पर हास्पिटल, स्कूल/कालेज, किसान मंडी, पर्यटन, मनोरंजन आदि की उच्च स्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्तर के कालेजों, बाजारों, हास्पिटल एवं बस स्टैण्ड आदि को भी अपग्रेड किया जाएगा। इससे आम जनमानस, पर्यटकों, श्रद्धालुओं को सीमा पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। डीएम ने किसानों से अपील की कि जिले के विकास के मद्देनजर भूमि के अधिग्रहण में वे सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिरूद्ध प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी नानपारा अजित परेश, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह, तहसीलदार नानपारा पीयूष श्रीवास्तव, सहायक अभियन्ता अंकित वर्मा आदि अधिकारी व किसान मौजूद रहे।