मेडिकल कॉलेज में बिना जांच रिपोर्ट के दी जा रही सीटी स्कैन फिल्म
- चार महीने पूर्व डिप्टी सीएम ने वर्चुअल माध्यम से किया था शुभारंभ
- बिना रिपोर्ट के डॉक्टरों को इलाज करने में हो रही परेशानी
- रेडियोलॉजिस्ट न होने से हो रही समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन की फिल्म शीट तो मिल रही है, लेकिन जांच रिपोर्ट नहीं मिल रही है। जिसके कारण मरीजों के साथ ही डॉक्टरों को इलाज करने में परेशानी हो रही है। इसका कारण रेडियोलॉजिस्ट न होना बताया जा रहा है। जिम्मेदारों का कहना है कि रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए पत्राचार किया गया है।
महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय में जिले के अलावा गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती व नेपालगंज के बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। प्रतिदिन लगभग 2000 की ओपीडी भी होती है। इनमें गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को सीटी स्कैन कराने की जरूरत पड़ती है।
इसके लिए गत चार महीने पूर्व डिप्टी सीएम ने वर्चुअल माध्यम से सीटी स्कैन का शुभारंभ किया गया था। सीटी स्कैन कर फिल्म सीट दिया जा रहा है, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट न होने की वजह से रिपोर्ट नहीं दी जा रही है। जिससे मरीज परेशान हैं। सबसे अधिक दिक्कत गंभीर न्यूरो के मरीजों के लिए है। सीटी स्कैन रिपोर्ट उनके लिए बहुत जरूरी है। ऐसे में यह मरीज निजी न्यूरो चिकित्सक और सर्जन के पास जाने को मजबूर हैं।
रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए शासन को भेजा पत्र
मरीजों का सीटी स्कैन किया जा रहा है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। बहुत जल्द ही रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होते ही सीटी स्कैन रिपोर्ट मरीजों को दी जाएगी। -प्रो. डाॅ. संजय खत्री, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज