बहराइच। जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने मंगलवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमेें विधायकों ने जिले मेें बदहाल बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अफसरों पर गुस्सा निकाला। विधायकोें ने कहा कि जिले मेें शहर से लेकर गांव तक बिजली व्यवस्था की हालत बदहाल है लेकिन विभागीय अफसर इससे अनजान है।
बिजली विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, पयागपुर के विधायक सुभाष त्रिपाठी, बलहा विधायक सरोज सोनकर, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा द्वारा बिजलीआपूर्ति पर नाराज़गी जताई गई। सबने कहा गया कि खराब बिजली इंतजाम से हर कोई परेशान है। इस पर प्रभारी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत आपूर्ति में सुधार लायें, विभागीय कार्यों के प्रति अधिकारियों की जिम्मेदारी को तय किया जाय तथा जिस क्षेत्र में लाइन को लेकर समस्या आती है तो उस क्षेत्र के लाइनमैन के विरूद्ध भी कार्रवाई करें।
मंत्री ने विद्युत विभाग को यह भी निर्देश दिया कि जिले में आपूर्ति को बढ़ाने के लिए पत्र लिखे उनके द्वारा प्रयास कर कोटा बढ़वाया जाएगा। नगर क्षेत्र में भूमिगत केबलिंग कार्य के पश्चात बिजली खम्भों को हटाये जाने के सम्बन्ध में डीएम से अपेक्षा की गई कि ईओ व बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान करा दें। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि ठीक ढंग से कार्य न करने वाली एजेन्सियों को नोटिस जारी की जाए।
सामुदायिक शौचालयों की जांच के निर्देश
दो दिन पहले अमर उजाला ने जिले के सामुदायिक शौचालय बंद रहने व प्रतिमाह 93 लाख खर्च होने की खबर छापी थी। इसका संज्ञान लेते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि समिति गठित कर जिले के सामुदायिक शौचालयों की जांच कराई जाय व बन्द पाये जाने पर एडीओ की जिम्मेदारी तय करें। पंचायत सचिवों की उपस्थिति के सम्बन्ध में डीएम के ज़ूम मीटिंग के मॉडल को एडाप्ट किया जाय। ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाय।
सड़क पर घूम रहे छुट्टा मवेशियों का भी मुद्दा उठा
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मार्गों पर निराश्रित गोवंशों की समस्या पर विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त की गई। सीवीओ को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र भ्रमण का रोस्टर निर्धारित कर निराश्रित गोवंशों को गौशाला भिजवाया जाय। अगली बैठक में क्षेत्र भ्रमण का विवरण भी प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अमरनाथ, पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, सीडीओ कविता मीना, डीएफओ बहराइच संजय शर्मा, एडीएम मनोज कुमार सागर, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर मौजूद रहे।
पांच लाभार्थियों को मिली पीएम आवास की चाबी
प्रभारी मंंत्री ने विकास खण्ड तेजवापुर अन्तर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पांच लाभार्थियों को आवास की चाबी भेंट की।