नानपारा। इटहा के जगदीश नगर में शनिवार रात विवाहिता का शव मिलने के मामले में पति व सास-ससुर को गिरफ्तार किया गया है। गांव निवासी सोना (21) का शव घर में फंदे से लटका मिला था। पति ने घटना की सूचना मायके वालों और पुलिस को दी। सोना के पिता मल्हाराम ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। मल्हाराम के अनुसार, ससुरालीजनों ने उसकी हत्या कर शव फंदे से लटका दिया। पुलिस ने मल्हाराम की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की। सोमवार को पुलिस ने मृतका के पति भोले ससुर सिपाहीलाल और सास मुन्नी देवी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी गुरुसेन सिंह ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।