बहराइच। जिले में होली पर रंगों के खेलने का सिलसिला 23 मार्च से शुरू हो जाएगा। बहराइच होली समिति के अध्यक्ष दीपक सोनी दाऊजी ने होली के त्योहार को पूरे भाईचारे के साथ मनाने का आह्वान करते हुए होली के कार्यक्रमों की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि होली के दौरान रंगों का सिलसिला 23 से शुरू होकर दोपहर 25 मार्च तक चलेगा। इस दौरान 24 मार्च को मुहूर्त के अनुसार होलिका दहन और 25 मार्च को शाम पांच बजे से चौक बाजार स्थित घंटाघर पर होली मिलन, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व उपाधि वितरण का कार्य होगा। दाऊजी ने बताया कि 26 मार्च को सुबह 11 बजे त्रिमुहानीघाट स्थित हनुमान मंदिर पर होली मिलन व प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जबकि इसी दिन शाम साढ़े आठ बजे से घंटाघर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन देर रात चलेगा। इसके बाद कार्यक्रम के समापन की घोषणा की जाएगी।
समिति के महामंत्री सुमित खन्ना ने होरियारों से अपील करते हुए कहा कि होली के दौरान वर्दी पहने पुलिसकर्मियों, ड्यूटी पर लगे अधिकारियों के साथ उपासना गृहों व राह चल रही महिलाओं पर रंग न डालें। उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि वह अपने बच्चों को नियमों के तहत ही रंग खेलने के प्रेरित करें। साथ ही जिन लोगों को रंगों से परहेज है उनसे अपील की है कि वे ऐसे स्थानों से न निकलें जहां रंग खेला जा रहा हो। उन्होंने कहा कि अज्ञानतावश किसी भी बच्चे ने रंग डाल दिया तो ऐसे मौके पर अपनी बुद्धिमानी व बड़प्पन का परिचय देते हुए नजर अंदाज कर दें।
महंगाई फीकी कर रही गुझिया की मिठास
बहराइच। होली पर बीते साल की अपेक्षा इस साल खाद्य पदार्थों के दाम में बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते बाजारों में गुझिया व नमकीन की दुकानों पर लोग सीमित खरीदारी कर रहे हैं।शहर स्थित दुकानदार युवराज ने बताया कि इस साल दुग्ध उत्पादों के दाम बढ़े हैं। इससे खोया 260 से 280 रुपये किलो बेचा जा रहा है। वहीं गुजिया 270 से तीन सौ रुपये किलो और ड्राई फ्रूट्स गुजिया 340 से 380 रुपये किलो बिक रही है। इसके अलावा मठरी, समोसे, मीठी मट्ठी 200 रुपये प्रति किलो बेची जा रही है। वहीं नमकीनों में दो सौ ग्राम का पैकेट 50 रुपये में बेचा जा रहा है। कुछ उत्पादों में मामूली बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते लोग रस्म अदायगी कर त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे हैं।
बच्चों में यूनीकॉर्न पिचकारी का क्रेज
बाजारों में इस वर्ष मोदी मास्क का जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है जो 60 रुपये में मिल रहा है। दुकानदारों ने बताया कि इस वर्ष दुकानों पर आकर्षक यूनीकॉर्न पिचकारियां आई हुई हैं। बच्चों में उन्हें खरीदने की होड़ लगी हुई है। वहीं पुराने समय में आ रहीं छोटा भीम, मोटू पतलू, डोरेमोन सहित आदि पिचकारियां कम खरीदी जा रही हैं। वहीं, युवा, बुजुर्ग, महिला सहित हर वर्ग के लोगों में होली पर भगवा ध्वज खरीदे जाने की होड़ है। दुकानों पर इसकी जबरदस्त मांग है। इसके चलते इस बार होली पर पूरा शहर भगवामय ध्वजों से सजा हुआ दिखाई देगा।