बहराइच। दो दिन पहले कोरोना के दो संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। अब जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है। रेलवे और बस स्टेशन पर जांच के अलावा सभी सामुदायिक केंद्र के प्रभारियों को भी गैर जनपद व प्रांत से आने वाले लोगों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने के प्रति भी जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
बीते शनिवार को विकासखंड विशेश्वरगंज व पयागपुर में एक-एक कोरोना संदिग्ध मरीज के मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे के साथ ही लोग भी कोरोना की आहट से चिंतित हैं। कोरोना से संदिग्ध मिले दोनों मरीज दूसरे प्रांतों से लौटे थे। इनमें से एक महाराष्ट्र से धार्मिक यात्रा कर वापस लौटा है तो वहीं दूसरा मरीज दिल्ली में काम करता है। दोनों ही लोगों में कोराना के लक्षण दिखने पर उनकी आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल भेजते हुए दोनों को होम क्वारंटीन किया गया है।
अब स्वास्थ्य महकमे की ओर से सभी आवश्यक दवाओं व उपकरणों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए जांच का दायरा बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के साथ ही अन्य स्थानों पर जांच टीमों की तैनाती करने की योजना बनाई गई है।
कोविड गाइडलाइन का पालन सबसे बेहतर उपाय
कोरोना संक्रमण से बचाव में कोविड गाइडलाइन का पालन करना सबसे बेहतर उपाय है। ऐसे में सभी लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही कोविड संदिग्ध मरीजों का आरटीपीसीआर टेस्ट कराया गया है। रिपोर्ट में पॉजीटिव मिलने पर दोनों का सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए लखनऊ भेजा जाएगा ताकि वैरिएंट का पता लगाया जा सके। -डॉ.एसके सिंह, सीएमओ।
सभी दवाएं मौजूद, काम कर रहे उपकरण
कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में सभी दवाओं, उपकरणों व विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती है। कोविड संक्रमित मरीज मिलने की उनके इलाज की बेहतर व्यवस्था की गई है। ऑक्सीजन प्लांट, वेंटीलेटर समेत सभी उपकरण काम कर रहे हैं। -डॉ. संजय खत्री, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज।