बहराइच में बारिश में भीगते हुए बाइक से जाते युवक।
बहराइच। सोमवार को जिले में बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर में शहर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। महसी, नानपारा और मिहींपुरवा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस बारिश से धान की फसल को काफी राहत मिली है। किसानों ने बताया कि खेतों में नमी बढ़ने से रोपाई के बाद फसल की बढ़वार में मदद मिलेगी। महसी के किसान रामकुमार वर्मा के अनुसार, बारिश से धान के खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है और सिंचाई की जरूरत कम हुई है। नानपारा के किसान श्यामलाल ने भी इसे फसलों के लिए लाभकारी बताया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी ने सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। उन्होंने वातावरण में नमी के कारण कुछ स्थानों पर और बारिश की संभावना जताई।