बहराइच के विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करतीं राज्यमंत्री।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विभाग विजय लक्ष्मी गौतम शुक्रवार को जिले में पहुंचीं। लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इसके बाद अफसरों के साथ बैठक कर उनसे विकास कार्यो के बारे में जानकारी ली व दिशा-निर्देश दिए।
शुक्रवार की शाम विकास भवन सभागार में भाजपा जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कानून एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि अधिकारी विकास योजनाओं से जुड़े कार्याें को पूरी मेहनत से पूरा करें। गांव-गांव जाकर लोगोें की समस्या सुनकर उनका सही तरीके से निस्तारण कराया जाए। सरकार की योजनाओं काे सही तरीके से लागू किया जाए। इस मौके पर डीएम मोनिका रानी, सीडीओ कविता मीना समेत समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
इन्सेट
गरीबो के घरों पर छत का सपना हुआ साकार
रामगांव (बहराइच)। तमाचपुर गांव में आयोजित चौपाल में मुख्य अतिथि ग्राम विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि आज भाजपा सरकार आपके द्वार आपके साथ खड़े रहने पर प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में सरकार अपने अंत्योदय लक्ष्य के साथ प्रगतिशील है। सबसे निचले पायदान के लोगों का कैसे उत्थान हो, गरीबों का विकास हो यह सरकार लक्ष्य है। सरकार विद्यालयों के सुंदरीकरण के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार कर रही है। पंचायत भवन को विकसित कर रही है। अमृत सरोवर के माध्यम से जल की आपूर्ति करके हर घर जल योजना के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक शुद्ध जल पहुंचाने के लिए हर गांव को पक्की सड़क तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।