बहराइच। डीएम के सरकारी ड्राइवर के घर शनिवार दिन में चोरों ने 60 हजार की नगदी समेत चार लाख के आभूषण पार कर दिए। ड्राइवर परिवार समेत खलीलाबाद गए थे।
डीएम के ड्राइवर जमाल खां कोतवाली देहात के घोसियाना के बंदरिया बाग में रहते हैं। शनिवार को उनके भांजे की स्वास्थ्य खराब होने पर वह परिवार समेत खलीलाबाद गए थे। घर पर उनका बेटा शादाब था। शादाब ने बताया कि शनिवार शाम वह भूख लगने पर खाना खाने के लिए होटल गया था। जब खाना खाकर लौटा तो घर में सामान बिखरा पड़ा था।
आलमारी का लॉकर टूटा था। उसने बताया कि चोर आलमारी में रखा 60 हजार रुपये समेत लगभग चार लाख का सामान उठा ले गए। चोरों ने कुल्हाड़ी से आलमारी को तोड़ा था, वो कुल्हाड़ी भी आलमारी में पड़ी थी।
प्रभारी कोतवाल संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।