बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को जिलाधिकारी मोनिका रानी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हर घर जल योजना के तहत सभी घरों में कनेक्शन हुआ या नहीं इसका बीडीओ को पत्र भेजकर सत्यापन कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जो भी कार्य कराए जाएं, वह ऊंचा करके कराएं, जिससे बाढ़ के समय कोई परेशानी न हो। विशेषकर हैंडपंपों को इस तरह लगाया जाए कि बाढ़ के समय पेयजल की दिक्कत न हो।
उन्होंने निर्देश दिया कि जो कार्य अभी शुरू नहीं हो सके हैं, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए। बैठक का संचालन अधिशासी अभियंता जल निगम राकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, उप जिलाधिकारी सदर सुभाष सिंह, नोडल अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड दिनेश कुमार, उपायुक्त मनरेगा केडी गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
निर्माणाधीन भवनों को जल्द पूरा कराएं
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा अभियान, समग्र शिक्षा अभियान के तहत निर्माणाधीन कार्यों को तत्काल पूरा कराकर उसे उपयोग में लाएं। कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ अयोध्या लोक निर्माण विभाग से दोबारा सत्यापन कराकर जिला स्तरीय समिति के सामने प्रस्तुत किया जाए।