बिछिया। कैलाशपुरी बाजार में शनिवार देर शाम एक दुकान पर गैस सिलिंडर में अचानक आग लगने से लपटों की चपेट में आकर दुकानदार झुलस गया। आग लगते ही बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। कैलाशपुरी निवासी अय्यूब बाजार में फिश फ्राई की दुकान चलाता है। शनिवार शाम वह रोज की तरह दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान गैस सिलिंडर के पाइप से अचानक गैस का रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। आग की चपेट में आकर अय्यूब झुलस गया। आसपास के दुकानदारों ने किसी तरह आग बुझाई। परिजनों ने झुलसे अय्यूब को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है।