बहराइच। सीआईएससीई बोर्ड द्वारा रविवार की शाम 12 वीं के परीक्षा परिणाम जारी किए। बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में बेटियों का दबदबा देखने को मिला। दूसरे व तीसरे स्थान पर बेटियों ने अपना कब्जा किया। असेंबली ऑफ गॉड चर्च स्कूल रुपईडीहा के आशीष बीके ने 96.4 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया। आर्थिक हालत खराब होने के चलते आशीष ने रूपईडीहा के चिल्ड्रेन होम रहकर पढ़ाई की। वे नेपाल के सुर्खेत के रहने वाले हैं। उनके पिता पेशे से माली हैं। वहीं दूसरे व स्थान पर नानपारा के संत पीटर इंटर कॉलेज की बेटियों रही। 96 प्रतिशत अंक के साथ श्रेया सिंह ने जिले में दूसरा तो 95 प्रतिशत अंक के साथ वीना गुप्ता ने तीसरा स्थान हासिल किया।
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सार्टिफिकेट (सीआईएससीई) की ओर से रविवार की शाम पांच बजे आईएससी यानी 12वीं के परीक्षा परीणामों की घोषणा की गई। सीआईएससीई बोर्ड के तहत जिले में संचालित हो रहे पांच स्कूलों में असेंबली ऑफ गॉड चर्च स्कूल रुपईडीहा के आशीष बीके ने 96.4 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे व तीसरे स्थान पर नानपारा के संत पीटर इंटर कॉलेज की छात्राएं रहीं। संत पीटर इंटर कॉलेज की छात्रा श्रेया सिंह ने 96 प्रतिशत अंक के साथ जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं छात्रा वीना गुप्ता ने 95 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
शहर के बहराइच-गोंडा मार्ग पर संचालित सेंट नार्बेट स्कूल की छात्रा अंजलि द्विवेेदी 94.25 अंको के साथ चौथे स्थान पर रही। पांचवें स्थान पर सेंवेंथ डे एडवेंटिस स्कूल के छात्र ललित यादव रहे, ललित को 94 प्रतिशत अंक मिले। छठवें स्थान पर संत पीटर इंटर कॉलेज की छात्रा नितीशा मदेशिया रही उन्हें 93.75 प्रतिशत अंक मिले।
वहीं सातवें स्थान पर 93.5 प्रतिशत अंक के साथ संत पीटर की ही छात्रा सीमाप्रीत सिंह व आठवें स्थान पर 93.25 अंक के साथ इसी विद्यालय के अरजीत शुक्ला रहे। नौंवा स्थान 91.4 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले सेवेंथ डे स्कूल के देवांश मिश्रा का रहा। दसवें स्थान पर बैरोज ब्लू स्कूल के छात्र शौर्य गुप्ता रहे, इन्हें 91.2 प्रतिशत अंक मिले। अन्य मेधावियों में असेंबली ऑफ गॉड चर्च स्कूल के छात्र मोहम्मद हसन को 91 प्रतिशत अंक, नार्बेट स्कूल की छात्रा शिवानी पाठक व शतकांस पांडेय को 90.75-90.75 प्रतिशत अंक, नार्बेट स्कूल की छात्रा फायजा मोईन को 90.5 प्रतिशत अंक, छात्रा आराधना ने 90.25 व बैरोज ब्लू के छात्र आर्यन शुक्ला व सौरभ मिश्रा को 90-90 प्रतिशत अंक मिले।