बहराइच। छात्र का अपहरण करने के बाद हत्या करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने गैंगेस्टर की कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है।
मटेरा थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी ओंकारनाथ चौधरी के 12 वर्षीय बेटे वेदप्रकाश चौधरी का स्कूल जाते समय बीते 31 अक्तूबर को गांव के कुछ लोगों ने अपने गैंग के साथ मिलकर अपहरण कर लिया था। उसके बाद श्रावस्ती में बालक की हत्या कर दी थी। मटेरा पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए छह लोगों को जेल भेजा था। मटेरा थानाध्यक्ष चौथीराम यादव ने बताया कि वारदात के बाद से गांव व आसपास के इलाकों में लोगों के अंदर दहशत बैठ गई थी। पकड़े गए आरोपियों के बारे में लोग बताने से घबराते थे। लोगों के अंदर बढ़ती दहशत व अपराध की दुनिया में आरोपियों के बढ़ रहे कदम को रोकने के लिए गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी कलीम, हसन मोहम्मद, इसरार खां, आयशा, ताहिरा व राबिया पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है। यह सभी पहले से जेल में बंद है। इनके आने से क्षेत्र व समाज में लोगों के अंदर एक दहशत का माहौल पैदा हो सकता था। ऐसे में इन सभी आरोपियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई है।