श्रावस्ती। संचारी रोग नियंत्रण माह में गांवों की सफाई के लिए टीमें गठित हुई थीं। जिन्हें रोस्टर के मुताबिक गांवों में भेज कर सफाई करने का निर्देश दिया गया था। जिसमें लापरवाही बरतने पर सहायक विकास अधिकारी की रिपोर्ट पर डीपीआरओ ने चार सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
सिरसिया में तैनात सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने सफाई कर्मचारियों की न्याय पंचायतवार टीम गठित कर रोस्टर के अनुसार नियमित गांवों में उपस्थित रहकर सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया था।
रोस्टर के अनुसार चार अप्रैल को ग्राम पंचायत बकवा में सफाई व अन्य कार्य होने थे। लेकिन टीम में तैनात मोतीपुर बड़रहवा की सफाईकर्मी गिरिजेश कुमारी, चरईडीह में तैनात प्रमोद कुमार, जोगिन भरिया में तैनात धर्मराज व सिटकहवा में तैनात उदय बहादुर ने बकवा में सफाई व अन्य कार्य नहीं किया। निरीक्षण में इसका खुलासा होने व संचारी रोग जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर एडीओ पंचायत की रिपोर्ट पर डीपीआरओ नंदलाल ने चारों सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें आधे वेतन पर विकास खंड कार्यालय सिरसिया में सेवा देने का निर्देश दिया है। इस बारे में डीपीआरओ का कहना है कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।