पयागपुर। भूपगंज बाजार के वार्ड नंबर 12 में सोमवार को घरेलू कनेक्शन के टूटे तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से चार बंदरों और एक गोवंश की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में बिजली पोल के पास बंदरों का झुंड उछलकूद कर रहा था। इसी दौरान चार बंदर करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। विद्युत कर्मियों को सूचना दी जाती, इससे पहले ही तार की चपेट में आने से एक गोवंश भी मर गया। सूचना पर उपखंड कार्यालय से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद मृत बंदरों के साथ गाेवंश का शव हटवाया गया। अवर अभियंता दीपेंद्र ने बताया कि टुल्लू पंप के पाइप के पास घरेलू कनेक्शन के तार से करंट उतर रहा था। जांच के बाद तार काटकर हटा दिया गया और लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई।