बहराइच। जिले की बिजली व्यवस्था मंगलवार को बेपटरी रही। नानपारा, मटेरा, महसी समेत अन्य क्षेत्रों में कई दिनों से चल रही अद्योषित बिजली कटौती का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। मंगलवार को शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पांचवीं बार ट्रांसफार्मर जलने से चार घंटे ठप रही। क्षेत्र की 50 हजार आबादी को बिजली पानी को लेकर तरसना पड़ा।
शहर में फायर स्टेशन पर लगे तीन ट्रांसफामरों से लगभग छह मोहल्लों की 50 हजार आबादी को बिजली आपूर्ति की जा रही है। यहां लगा ट्रांसफार्मर आए दिन ओवरलोड के चलते जल जाता है। गर्मी के शुरू होने से अब तक पांच बार ट्रांसफार्मर जल चुका है। पूरी रात लोगों को बिजली को लेकर तरसना पड़ा।
मंगलवार को सुबह 11 बजे ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से जल गया। आपूर्ति ठप होने से लोगों के सामने पेयजल का संकट पैदा हो गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रांसफार्मर को दुरुस्त किया जा सका।
तहसील नानपारा व महसी में भी मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे। मटेरा कस्बे की बिजली व्यवस्था भी कई दिनों से बाधित चल रही है। मंगलवार को उपकेंद्र के उपभोक्ताओं को महज आठ से दस घंटे ही बिजली की आपूर्ति मिल सकी। ऐसे में लोगों के सामने पेयजल की समस्या बनी रही।