बहराइच। रुपईडीहा और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बुधवार को थाना क्षेत्र के भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय चेकपोस्ट से साइबर ठग गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में इनके पास से मोबाइल, लैपटाप, डेबिट कार्ड, सिम और नकदी बरामद हुई। मामले का खुलासा एएसपी ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी ने पुलिस कार्यालय में किया।
एएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि रुपईडीहा थाना क्षेत्र के भारत नेपाल सीमा से थाना पुलिस व एसएसबी टीम ने एक कार को रोका। इसमें देहात कोतवाली शेखदहीर निवासी मोहम्मद आरिफ, नगर कोतवाली नाजिरपुरा निवासी फैज खान, बंजारी मोड़ निवासी अशरफ और फखरपुर निवासी उसामा बेग सवार थे। वे लोग घबराए तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। उक्त लोगों ने बताया कि सभी टेलीग्राम एप के माध्यम से फर्जी खाते खुलवाकर अपना मोबाइल नंबर लिंक कराते थे। इसके माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग एप आदि पर पैसे जीतने वाले लोगों को चैनल के माध्यम से संपर्क कर क्यूआर कोड उपलब्ध कराते थे। इसमें प्रतिदिन 50 हजार से एक लाख रुपये तक की राशि मंगाते थे। इस काम के लिए वे लोगों से प्रति खाता पांच से दस हजार रुपये कमीशन लेते थे। नेपाल राष्ट्र घूमने जाते समय पकड़े गए। अब तक लगभग पचास लाख से अधिक रुपये का ट्रांजेक्शन कर चुके हैं। तलाशी में उनके पास से एक कार, लैपटॉप, 13 मोबाइल, 49 विभिन्न कंपनियों के सिमकार्ड, विभिन्न बैकों के दस क्रेडिट, डेबिट कार्ड, 46,320 रुपये सहित अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने साइबर ठगों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।