बहराइच/कैसरगंज/पयागपुर। नगर निकाय चुनाव को लेकर बीते 11 अप्रैल से जारी नामांकन पत्रों की बिक्री के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के चार तो सभासद पद के 55 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन करवाया। तीसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए 37 तो सभासद पद के लिए 228 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा जरवल नगर पंचायत में तीन महिला प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कैसरगंज में एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी ताल ठोंका।
नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की बिक्री बीते 11 अप्रैल से जारी है। दो दिनों तक नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशियों का टोटा रहा। तीसरे दिन बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के लिए चार व सभासद पद के लिए भी 55 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। अध्यक्ष पद के लिए जरवल नगर पंचायत से रुकईया बानो, तस्नीम बानो व आलिया बेगम ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कैसरगंज नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए आत्मा अब्बास ने नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रमुख पार्टियों के बैनर तले किसी भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया।
फेल रहा कंट्रोल रूम का दावा, बंद रहा नंबर
जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को निर्वाचन कंट्रोल रूम बनाकर दूरभाष नंबर 05252-297112 जारी किया गया था। इस कंट्रोल रूम के राउंड द क्लॉक संचालित होने और किसी भी सूचना के लिए दिए गए नंबर पर फोन करने की बात कही गई। बृहस्पतिवार को यह नंबर आउट ऑफ सर्विस रहा, जो निर्वाचन कंट्रोल रूम के दावों की पोल खोलता नजर आया।
अवकाश के दिन भी होगा नामांकन, खुले रहेंगे कार्यालय
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सीआरओ अवधेश कुमार मिश्र ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन को लेकर नामांकन की प्रक्रिया अवकाश के दिन भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की खरीद व दाखिले के निर्धारित 11 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच पड़ने वाले राजकीय अवकाशों पर भी सभी संबंधित कार्यालय सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक खुले रहेंगे। नामांकन पत्रों की खरीद व दाखिला जारी रहेगा।