बहराइच। शहर के मोहल्ला रायपुर राजा में रविवार को साल की पहली सुबह अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली बाधित होने से मोहल्ले की करीब पांच हजार की आबादी बिजली-पानी के लिए नौ घंटे तक तरसती रही। हलांकि शाम चार बजे बिजली की आपूर्ति शुरू हो जाने के बाद मोहल्लेवासियों ने राहत की सांस ली।
शहर के मोहल्ला रायपुराजा में रविवार सुबह अचानक बिजली गायब हो गई। मोहल्लेवासियों ने समझा कि कुछ देर के लिए ऐसे ही बिजली कटौती हुई है। लेकिन जब काफी देर तक बिजली आपूर्ति नहीं हुई, तो मोहल्लेवासियों ने संबंधित उपकेंद्र के एसडीओ से संपर्क करने की कोशिश करने लगे, लेकिन एसडीओ का मोबाइल स्विच ऑफ बताता रहा।
अचानक मोहल्ले की बिजली गायब होने से मोहल्ले की पांच हजार की आबादी के सामने सबसे ज्यादा परेशानी पेयजल की होने लगी। सभी नववर्ष मनाने की तैयारी में थे। बिजली गुल होने से मोहल्लेवासियों के नए वर्ष का उत्साह ठंडा पड़ गया। बिजली कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत से करीब नौ घंटे के बाद फॉल्ट दुरुसत करने के बाद शाम चार बजे बिजली आपूर्ति शुरू की।
तब मोहल्लेवासियों ने राहत की सांस ली।
मामले में अधीक्षण अभियंता विद्युत सुरेश कुमार से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि मोहल्ले की विद्युत लाइन के किसी फेस में कहीं गड़बड़ी आ गई है। कर्मचारी फाल्ट तलाशने में लगे हैं। फॉल्ट मिलते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।