बहराइच। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बुधवार देर रात पांच थाना प्रभारियों को इधर से उधर किया। इस बार एसपी द्वारा किए गये तबादले की हर तरफ चर्चा हो रही है। एसपी द्वारा दो जन शिकायत निस्तारण में प्रदेश में पहला स्थान लाने वाले फखरपुर थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा को डीसीआरबी भेजना चर्चा का विषय बना हुआ है।
एसपी प्रशांत वर्मा ने बुधवार की रात पांच थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। एसपी ने रुपईडीहा थाने पर सालों से जमे रहे थाना प्रभारी श्रीधर पाठक को मोतीपुर थाने की कमान सौंपी है। तीन दिन पूर्व पुजारी की शिकायत लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं को बिना एफआईआर लिखे भगाने वाले रुपईडीहा थाना प्रभारी को मोतीपुर का प्रभार देना चर्चा का विषय बना हुआ है।
मोतीपुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह को फखरपुर थाने की कमान सौंपी गई है। फखरपुर थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा को डीसीआरबी भेज दिया गया है, जो जिले में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सोशल मीडिया पर प्रदेश में दो-दो बार जन शिकायत में अव्वल आने वाले थाना प्रभारी को डीसीआरबी भेजने की निंदा कर रहे हैं।
तबादले के तहत एसपी ने कोतवाल देहात रहे शमशेर बहादुर सिंह को रुपईडीहा थाने की कमान सौंपी है। डीसीआरबी प्रभारी मनोज कुमार पांडेय को कोतवाल देहात बनाया है।