संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। जिले का मौसम लगातार बदल रहा है। जिससे बच्चे वायरल बुखार व उल्टी-दस्त की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को पांच और बच्चों को वायरल बुखार व उल्टी-दस्त की शिकायत से भर्ती कराया गया हैं।
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके त्रिपाठी ने बताया कि रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण बच्चे जल्दी बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। इसलिए मौसम परिवर्तन के समय बच्चों का विशेष ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण बच्चे उल्टी-दस्त के शिकार हो हो जाते हैं। इसलिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को साफ-सुथरा कपड़ा पहनाएं। छह महीने तक सिर्फ मां का दूध पिलाएं। जहां तक हो सके डिब्बे का दूध न पिलाएं। वर्तमान में मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बना हुआ है। इसलिए सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। आसपास पानी इकट्ठा न होने दें।