बहराइच। रील बनाने के लिए देशी तमंचे से फायर करना दो युवकों को महंगा पड़ा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दोनों युवकों को दबोच लिया और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
दरगाह थाना क्षेत्र के मसूरगंज निवासी एक व्यक्ति के घर सोमवार को बेटी की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए मंसूरगंज निवासी मोहम्मद आरिफ व नसीम भी पहुंचे थे। इस दौरान दोनों ने रील बनाने के लिए देशी तमंचे से फायरिंग की। लेकिन शादी के अगले दिन मंगलवार को युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद वीडियो के आधार पर युवकों की तलाश कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी रामदवन मौर्य ने बताया कि हर्ष फायरिंग का मामला था। सलारगंज चौकी प्रभारी नितिन उपाध्याय की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। उनके पास से तमंचा और कारतूस बरामद कर सीज कर दिया गया है।