रुपईडीहा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के पास खेत में लगी आग से जली फसल।
रुपईडीहा (बहराइच)। इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) के पास स्थित गेहूं के खेत में लगी पराली जलाते समय शनिवार की दोपहर आग भड़क गई। अचानक फैली भीषण आग से अफरातफरी मच गई। आईसीपी प्रबंधक सुधीर शर्मा ने बताया कि आग से आईसीपी के संसाधनों, आयात-निर्यात से जुड़े वाहनों और वस्तुओं को खतरा हो सकता था। इसे देखते हुए आईसीपी में तैनात फायर प्रभारी ओमपाल सिंह की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन आग फैलती रही। इस पर नानपारा फायर ब्रिगेड व नेपालगंज के फायर ब्रिगेड का सहयोग लिया गया। इससे समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग न बुझती तो खेतों में खड़ी फसल व आईसीपी को भारी नुकसान होता।