- धोबियनपुरवा का मामला, पिता को बचाने के चक्कर में बेटे ने भी गंवाई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
हुजूरपुर(बहराइच)। थाना क्षेत्र में मछली पकड़ने गए पिता-पुत्र सरयू नदी में डूब गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने दोनों के शवों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दो मौतों से गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भाठीकुंडा के मजरा धोबियनपुरवा निवासी वारिस अली (55) बुधवार को बेटे गुलामअली (35) के साथ सरयू नदी में मछली पकड़ने गया था। वारिस मछली पकड़ने के लिए नदी में उतरे ही थे कि उनका पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। पिता को डूबता देख गुलाम अली भी गहरे पानी में उतर गया और उन्हें बचाने का प्रयास करने लगा। पानी गहरा होने से दोनों पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। गोताखोरों ने दोनों शवों को बाहर निकाला। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई चल रही है।