कलेक्ट्रेट में धरना देते भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी।
बहराइच। कलेक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने किसानों की समस्याओं को लेकर धरना दिया। जिलाध्यक्ष प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में किसानों ने मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर छह सूत्री मांगें उठाईं। किसानों ने 1996-97 से 2025-26 तक 14 दिन से अधिक देरी से हुए गन्ना भुगतान पर 15 प्रतिशत ब्याज दिलाने और आगामी पेराई सत्र से पहले गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। संपूर्ण कृषि कर्ज माफी, आगामी धान खरीद के लिए पर्याप्त सरकारी क्रय केंद्र खोलने और एमएसपी पर समय से खरीद सुनिश्चित कराने की मांग भी की गई। पयागपुर नवीन गल्ला मंडी में व्यापारियों द्वारा बाहर खरीदारी और नीलामी चबूतरों पर सब्जी की दुकानें लगाने के आरोप में कार्रवाई की मांग की गई। ग्राम खंडरवा मौजा खुनौरा में खाद गड्ढे की जमीन से कथित अवैध कब्जा हटाने की मांग भी रखी।