बहराइच। इनोवा में सवार अधिकत लोग सुबह के वक्त नींद में थे। सभी बस घर पहुंचने वाले थे। कुछ देर पहले इस बात को लेकर चर्चा हुई थी कि अभी कितना समय और लगेगा। मैं भी नींद में थी। तभी जोरदार झटका महसूस हुआ और उसके बाद कुछ भी पता नहीं चला। जब आंख खुली तो अस्पताल में थी। ये बातें श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में सोनरई के पास हाईवे पर हुए भीषण हादसे में घायल नीलू व नीतू ने बताईं।
श्रावस्ती के इकौना में हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। तीन घायलों को चिकित्सकों ने ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर किया। इनमें एक छह वर्षीय बालिका की रास्ते में मौत हो गई।
हादसे में घायल करमोहना निवासी सुशील कुमार (40) पुत्र भगौती प्रसाद, वीरपुर निवासी बबलू (35) पुत्र गोपाल, बबलू की पत्नी सरिता (30), बबलू की बेटी रुही (8), काव्या (3) पुत्री बबलू, प्रतिज्ञा (5) पुत्री मुकेश कुमार, नीतू (32) पत्नी हीरालाल, नीलू (22), सुरेश कुमार (38) पुत्र भगौती को मेडिकल कॉलेज बहराइच लाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने सुरेश, रुही और काव्या को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था।
छह घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। घायल बबलू के छोटे भाई सूरज गुप्ता ने बताया कि इलाज के लिए ले जाते समय उनकी भतीजी रुही की भी मौत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
लुधियाना में काम करते थे
बबलू के छोटे भाई सूरज गुप्ता ने बताया कि उनके बड़े भाई बबलू व उनके साले मृतक मुकेश, हीरालाल, पुत्ती व घायल सुशील व सुरेश सभी लुधियाना के सन्यास नगर स्थित एक कंपनी में काम करते थे। सूरज ने बताया कि सभी लोग मिल में इंटरलॉकिंग मशीन चलाते थे और उनके मिलने वाले धागे से कपड़ा तैयार करते थे। शुक्रवार को उनके भाई बबलू के ससुर भगौती प्रसाद की मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर सभी रात 11 बजे निजी वाहन बुक करवाकर घर के लिए निकले थे।