त्रिलोकीगौढ़ी गांव में हाथी के उत्पात में बर्बाद हुई फसल।
बिछिया। सुजौली रेंज के त्रिलोकी गौढ़ी गांव में बुधवार रात जंगल से निकले हाथियों के झुंड ने गन्ने और धान की फसल रौंद दी। इससे आठ किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। सुबह खेतों में पहुंचने पर किसानों ने भारी नुकसान देखा। पीड़ित किसानों में सत्रोहन, मनोज, तोताराम, संजय, विनोद, मीना देवी और इंद्रबली शामिल हैं। हाथियों की चिंगाड़ के कारण किसान खेत तक नहीं जा पाए। हाथियों के जाने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त फसल का आकलन किया। वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि किसानों ने मुआवजे की मांग की है। नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी दी।