बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के भरथापुर जंगल में शुक्रवार को लकड़ी बीनने गए एक ग्रामीण का अचानक जंगली हाथी से सामना हो गया। हाथी ने ग्रामीण को खदेड़ लिया। खुद को बचाने के लिए भागते समय गिरकर ग्रामीण घायल हो गया। गांव निवासी श्रीराम शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान हाथियों के आवागमन वाले इलाके में उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी के हमले से खुद को बचाने के प्रयास में वह घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। कतर्नियाघाट वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि भरथापुर जंगल हाथियों का कॉरिडोर है और यहां हाथियों के झुंड की नियमित आवाजाही रहती है। उन्होंने लोगों से जंगल में अकेले न जाने और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।