बहराइच। कोतवाली देहात क्षेत्र में बीती छह फरवरी को गांव निवासी कुछ लोगों ने रंजिशन एक बुजुर्ग की पिटाई कर दी थी। इलाज के दौरान रविवार को बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। बताते चलें कि मृतक के बड़े बेटे की आगामी 22 फरवरी को शादी है। इस दौरान मौत की सूचना मिलते ही शादी की खुशियां गम में बदल गईं। वहीं पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ा कर गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरु कर दी है। कोतवाली देहात के ग्राम पंचायत कुसौर में बीते छह फरवरी को अलाव तापते समय गांव निवासी दयाराम वर्मा पर उनके गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। मारपीट में उनके दो बेटों संदीप व विनोद को भी चोट आई थी। मारपीट के गंभीर रूप से घायल दयाराम को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था जहां इलाज के दौरान रविवार को उसने दम तोड़ दिया। दयाराम की बेटी पूनम ने बताया कि उनके भाई संदीप का तिलक हो गया था और घर में खुशियों का माहौल था। 22 फरवरी को भाई की बरात जानी थी, लेकिन विपक्षियों ने हंसते खेलते परिवार की सारी खुशियां छीन ली। उन्होंने बताया कि पिता बड़े बेटे की शादी को लेकर काफी खुश थे, लेकिन उनकी मौत से पूरे घर में मातम जैसा माहौल है।
कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि दयाराम की तहरीर पर उनके पड़ोसी बड़कऊ वर्मा, बड़कऊ की पत्नी, ननकऊ व ननकऊ की पत्नी पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। अब दयाराम की मौत के बाद गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रविवार को टीम के साथ गांव में दबिश दी थी, लेकिन आरोपी फरार हो गए हैं।