बहराइच। पूर्व संकेत प्रणाली के क्रियान्वयन, अध्ययन व अनुश्रवण के लिए यूनीसेफ के नेतृत्व में मंगलवार को 14 राज्यों के शिक्षक प्रतिनिधियों की टीम जिले में पहुंची। बीएसए के नेतृत्व में टीम ने जरवल ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रिढौढ़ा, आदमपुर, अट्ठैसा, संविलियन विद्यालय बरवलिया व मुस्तफाबाद का भ्रमण किया। सभी विद्यालय पूर्व संकेत प्रणाली पर खरे उतरे।
बीएसए आशीष कुमार सिंह ने बताया कि स्कूलों के बच्चों का ड्राप आउट रोकने के लिए पायलेट प्रोजक्ट के रूप में देवीपटन मंडल के चारों जिलों में पूर्व संकेत प्रणाली कार्यक्रम शुरू किया गया था। कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए मंगलवार को आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक समेत कई राज्यों के शिक्षक प्रतिनिधियों की टीम ने विद्यालयों में पहुंची।
यहां उन्होंने लक्षित छात्रों का पहचान करना, ट्रेक एवं प्रतियोत्तर देना व ड्राॅपआउट बच्चों से संपर्क करने की जानकारी ली। इस अवसर पर यूनीसेफ के ऋतिक पात्रा, बीईओ जरवल अरविंद बहादुर सिंह, कैसरगंज के जितेंद्र बहादुर चौधरी, विशेश्वरगंज कमलेश कुमार मिश्र, मोहम्मद अहमद आदि मौजूद रहे।