पयागपुर(बहराइच)। थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बेखौफ बदमाशों ने एक ई-रिक्शा चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ लूटपाट की। बदमाशों ने चालक की नकदी, मोबाइल व उसका ई-रिक्शा लूट लिया और उसे सड़क किनारे फेंक दिया। सुबह होश आने पर रिक्शा चालक थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परना खजुरा निवासी रामकेवल पयागपुर-इकौना मार्ग पर ई-रिक्शा चला कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। रामकेवल ने आरोप लगाते हुए बताया कि मंगलवार की रात लगभग आठ बजे इकौना से तीन यात्री रिक्शे में सवार हुए थे। सभी ने पयागपुर चलने को कहा। पयागपुर पहुंचने पर सभी ने हुजूरपुर मार्ग स्थित अर्जुनपुरवा गांव लेकर चलने को कहा। इसी दौरान रास्ते में सभी ने बातों-बातों में उसे नशीला पदार्थ खिला दिया और उसका ई-रिक्शा, दिन भर में कमाए 700 रुपए और मोबाइल लूट कर फरार हो गए।
रामकेवल पूरी रात सड़क किनारे पड़ा रहा। सुबह होने पर जब उसे होश आया तो उसने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। पीड़ित ने थाने पर शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी श्यामदेव चौधरी ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। प्रकरण की जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं घटना के बाद से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है।