लखनऊ मार्ग पर कैसरगंज कस्बे में गुरुवार रात एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। ऑटो सवार लोगों को एक डंपर ने रौंद दिया। हादसे में ऑटो सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। घायल नौ लोगों का इलाज चल रहा है। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। मृत लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। सभी लोग तिलक कार्यक्रम से वापस अपने घर आ रहे थे।
जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैनी निवासी मंशाराम की बेटी का विवाह कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के रुकनापुर गांव से तय हुआ था। गुरुवार को तिलक कार्यक्रम था। जिस पर मंशाराम रिश्तेदार और परिवार के लोगों के साथ तिलक लेकर रूकनापुर गांव ऑटो से गया था।
तिलक कार्यक्रम निपटाने के बाद सभी रात में वापस लौट रहे थे। रात एक बजे के आसपास सभी ऑटो सवार लखनऊ- बहराइच मार्ग पर कैसरगंज कोतवाली के मदनी हॉस्पिटल के सामने पहुंचे। तेज रफ्तार में डंपर ने ऑटो को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई। एक घायल की मौत अस्पताल में हुई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई थी। जानकारी पर कोतवाल दद्दन सिंह, सीओ कमलेश सिंह, एसडीएम महेश कुमार कैथल भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल ने बताया कि हादसे में ऑटो सवार पांच लोगों की मौत हुई है। जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि डंपर चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया । उसके विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई।