नानपारा (बहराइच)। नानपारा कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात प्रसिद्ध काली माता मंदिर से चोर ने दो दानपात्र चुरा लिए। वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोमवार को पुलिस ने चोर को दबोच लिया।
नानपारा कोतवाली के जुबलीगंज मोहल्ले मे प्रसिद्ध काली माता का मंदिर है। रविवार रात एक चोर मंदिर में दाखिल हुआ। चोर ने पहले मुख्य मंदिर के पास रखे दान पात्र को चुराया और कुछ मिनटों बाद दोबारा वापस आकर दूसरे दान पात्र पर भी हाथ साफ कर दिया। इस दौरान मंदिर के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की वारदात कैद हो गई। सोमवार सुबह जब पुजारी ने दानपात्र गायब देखा तो इसकी जानकारी मंदिर कमेटी को दी।
कमेटी ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो चोर की पहचान हो गई। मंदिर पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। नानपारा कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ ने सीसीटीवी के आधार पर चोर को दानपात्र के साथ गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि दानपात्र को मंदिर कमेटी को सौंप दिया गया है। मंदिर कमेटी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।