सोमन वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन करता चिकित्सक।
बहराइच। मेडिकल कॉलेज के एक रेजिडेंट चिकित्सक ने शुक्रवार शाम सोनम वांगचुक के समर्थन में बैनर लेकर शहर की सड़कों पर पैदल मार्च किया। मामले की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसकी जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है। मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. रुपक इखे, निवासी नाखुर, अमरावती (महाराष्ट्र), ने शुक्रवार शाम सोनम वांगचुक के समर्थन में संदेश लिखी टी-शर्ट पहनकर तथा हाथ में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर के डिगिहा तिराहे से डीएम आवास तक अकेले पैदल मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान डॉ. इखे ने कहा कि सोनम वांगचुक के समर्थन में उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।