बहराइच। जिले में संचालित गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाएं देखने तीन दिन के दौरे पर आए नोडल अधिकारी की मौजूदगी में डीएम ने पशुपालन विभाग की योजनाओं व कार्यक्रमों की शनिवार को समीक्षा की। डीएम मोनिका रानी ने कहा कि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत दिए गोवंश के लाभार्थियों एवं कुपोषित बच्चों के परिवारों का विवरण रजिस्टर में संरक्षित रखते हुए सूची दर्पण पोर्टल पर अपलोड की जाए। जिससे निरीक्षण पर आने वाले को लाभार्थियों का फीडबैक मिल सकें। उन्होंने एसडीएम व बीडीओ को टीकाकरण का सत्यापन कराने का भी निर्देश दिया। पशुपालकों की केसीसी लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लक्ष्य के अनुरूप पूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। नोडल अधिकारी उप निदेशक मुख्यालय डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि 12 गौशालाओं का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।