दीक्षारंभ संस्कार के दौरान उपस्थित प्राचार्य, शिक्षिकाएं तथा छात्राएं।
बहराइच। महिला पीजी कॉलेज में सोमवार से पांच दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम शुरू हुआ। प्राचार्या प्रोफेसर प्रिया मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। प्राचार्या मुखर्जी ने छात्राओं को कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और संस्कृति से परिचित कराने को कार्यक्रम का उद्देश्य बताया। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रहने का आह्वान किया। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सीमा यादव ने नवीन शिक्षा प्रणाली, विषय चयन और क्रेडिट व्यवस्था पर प्रस्तुति दी। आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. कमर जहां ने मेंटर-मेंटी प्रणाली की उपयोगिता समझाई। एंटी रैगिंग प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. मनीषा खन्ना ने एंटी रैगिंग सेल और उसके नियमों की जानकारी दी। मंच संचालन डॉ. कमर जहां ने किया। इस अवसर पर कई आईक्यूएसी सदस्य और शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।