बहराइच। शहर के त्रिमुहानी घाट श्मशान घाट पर विद्युत शवदाह गृह निर्माण तथा इसके सौंदर्यीकरण के लिए स्वर्गधाम सेवा समिति ने मांग की है। जिले के सांसदों, एमएलसी व विधायकों से सांसद विधायक निधि तथा शासन से धन दिलाने की मांग की है।
स्वर्गधाम सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक मातनहेलिया ने बताया कि बहराइच शहर व आसपास के अधिकांश नागरिक अपने परिजनों के शव अंत्येष्टि के लिए श्मशान घाट पर ले जाते हैं। यहां नागरिकों के सहयोग से स्वर्गधाम सेवा समिति ने व्यवस्थाएं दे रखी हैं। शव दाह के लिए 10 चबूतरे व टिन शेड बने हैं लेकिन कोविड काल की विपत्ति में घाट पर एक एक दिन में 20-22 तक शव आए तो लोगों को मजबूरन फर्श पर शवदाह करने पड़े।
इस कारण वहां का फर्श टूटकर बेहाल हो गया है। जिलाधिकारी ने तीन करोड़ सात लाख रुपये का एस्टीमेट बनवाकर शासन से धन की मांग की थी। अभी तक इस पर शासन से स्वीकृति नहीं मिली है।
बैठक को स्वर्गधाम समिति के अध्यक्ष अशोक मातनहेलिया, प्रबंधक शीतल अग्रवाल, महामंत्री कुलभूषण अरोरा तथा दीपक सोनी, मनीष मल्होत्रा, राहुल राय, सुमित खन्ना, विनोद अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, कैलाश डालमिया, राकेश सिंह, रवि कोठारी आदि सदस्यों ने संबोधित किया।