नवाबगंज (बहराइच)। भीषण गर्मी में प्यास बुझाने के लिए वन्य जीव आबादी की तरफ रुख कर रहे हैं। अब्दुल्लागंज जंगल से भटक कर नवाबगंज के ढोड़े गांव के पास पहुंचे एक हिरन को बुधवार सुबह कुत्तों ने नोचकर मार डाला। वन टीम ने हिरन का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे दफना दिया। अब्दुल्लागंज जंगल से भटककर एक हिरन नवाबगंज कस्बे से सटे ढोड़े गांव के पास बाग में आ गया। वहां कुत्ते हिरन पर टूट पड़े और उसे नोचने लगे। ग्रामीणों ने किसी प्रकार हिरन को कुत्तों से छुड़ाकर वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम के आने से पहले ही घायल हिरन ने दम तोड़ दिया। वन विभाग की निम्निहारा बीट के वन दरोगा आज्ञाराम गाड़ी से हिरन को लादकर वन रेंज कार्यालय ले गए। अब्दुल्लागंज रेंज अधिकारी हेमंत मणि तिवारी ने बताया कि हिरन को दफना दिया गया है।