बाल-बाल बचे, बाइक सवार युवक ने बरामदे में बैठे अधिवक्ता पर झोंका फायर
कोतवाली देहात क्षेत्र के मोहल्ला माधवपुरी सूफीपुरा का मामला, एसपी ने लिया मौके का जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। शहर के माधवपुरी सूफीपुरा में शनिवार को दिनदहाड़े घर के बरामदे में बैठे सेवानिवृत्त शासकीय अधिवक्ता को जान से मारने की नियत से बाइक से आए एक युवक ने असलहा से फायर झोंक दिया। आस पास मौजूद लोगों को आता देख युवक बाइक लेकर मौके से भाग गया। गनीमत यह रही कि हमलावर की गोली उनके बगल से होते हुए वहां लगे जंगले में धंस गई। सूचना पर पुलिस उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी, एसपी सिटी, सीओ, एसओजी, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए और पीड़ित व मौजूद लोगों से पूछताछ की। पीड़ित ने अज्ञात पर केस दर्ज करने के लिए घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के माधवपुरी सूफीपुरा मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व शिवनारायन सिंह (85) ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि शनिवार की दोपहर अपने घर के बरामदे में रोज की तरह कुर्सी पर बैठे हुए थे। तभी लगभग डेढ़ बजे बाइक सवार एक अज्ञात युवक आया और घर के बाहर बाइक खड़ी कर दी। इसके बाद बरामदे में आकर हाथ में लिए असलहे से उनके ऊपर फायर झोंक दिया। गोली उनके बगल से गुजरते हुए वहां लगे जंगले में जा धंसी। दिनदहाड़े फायरिंग की आवाज सुनकर परिसर में मौजूद कपड़ो में प्रेस करने वाला कर्मी सिराज बचाने दौड़ा। तभी हमलावर युवक बाइक लेकर मौके से भाग गया। युवक पीले कलर की शर्ट पहने हुए था। वहीं फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर एसपी वृंदा शुक्ला, एएसपी सिटी रामानन्द कुशवाहा, सीओ राजीव सिसौदिया, कोतवाली देहात प्रभारी बृजेंद्र, एसओजी टीम व फोरेंसिक टीम ने जांच की। पुलिसकर्मी मौके पर जंगले में फंसी गोली को निकालकर अपने साथ ले गए। वहीं दिनदहाड़े हुई घटना से मोहल्लावासी काफी डरे-सहमे दिखाई दिए।
परिवार ने किसी भी दुश्मनी या रंजिश से किया इंकार
अधिवक्ता के पुत्र तहसील में माल बाबू के पद पर तैनात संजय सिंह ने बताया कि पिता वर्ष 2003 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी व उनके पिता की किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। जिसके चलते उन्हें हमला करने का कोई कारण समझ नहीं आया है। मोहल्ले में लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस हमलावर युवक की शिनाख्त कर रही है। बाइक के नंबर के आधार पर भी उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है।
जल्द पकड़ा जाएगा हमलावर
हमलावर युवक को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही आरोपी को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा। -वृंदा शुक्ला, एसपी