रिसिया(बहराइच)। रिसिया थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में एक युवक व महिला का शव फंदे से लटका मिला है। मामले में परिजन आत्महत्या की बात कह रहे हैं। मौके पर पहुंची रिसिया पुलिस ने दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिसिया थाना क्षेत्र के दत्तपुर गांव निवासी जसकरन (30) का शव गांव के निकट स्थित आम की बाग में फंदे से लटकता पाया गया। मृतक के पिता हरीराम ने बताया कि जसकरन मनोरोगी था। जिसके चलते शादी के बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। जिसके बाद वह और परेशान रहने लगा था।
पिता हरीराम की सूचना पर पहुंची रिसिया पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं रिसिया थाना क्षेत्र के बिछला गांव निवासी विवाहिता अफसाना (19) पत्नी मुजीब उर रहमान का शव भी रविवार को फंदे से लटकता मिला। परिवार वालों ने आत्महत्या की बात कही है। रिसिया थाना प्रभारी इंद्रजीत यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रकरण लग रहा है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।