बहराइच। सुजौली थाना क्षेत्र के बड़खड़िया गांव निवासी सहराजम गुप्ता (48) का शव शुक्रवार की शाम संदिग्ध हालात में घर के आंगन में पड़ा मिला। शव के गले में प्लास्टिक की रस्सी के कई फंदे लगे थे। पास ही ईंट और रॉड पड़ी मिली। इससे उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित करते हुए मौजूद लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बड़खड़िया गांव निवासी सहजराम शुक्रवार की देर शाम तक घर से बाहर नहीं निकला तो उसके पड़ोसी उसे बुलाने घर के अंदर पहुंचे। जहां उसका शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य लिए। शव के पास ही ईंट व रॉड पड़ी मिली, जिससे ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने उसके मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। ताकि घटना की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सके।
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के समय दोनों भाई घर से बाहर काम से निकले थे। शादी के बाद पत्नी से अनबन होने के चलते वह उसे छोड़कर मायके में रह रही थी। सुजौली थानाध्यक्ष हरीश सिंह का कहना है कि परिजनों ने युवक की फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात बताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलने पर कार्रवाई की जाएगी।