हुजूरपुर। टिकईपुरवा निवासी एक युवक का शव शुक्रवार को घर से एक किमी दूर पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। थाना हुजूरपुर के टिकईपुरवा निवासी विक्रम (25) बृहस्पतिवार की रात खाना खाने के बाद परिजनों को बिना कुछ बताए घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस न पहुंचने पर परिजनों ने गांव में उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। सुबह घर से एक किलोमीटर की दूरी पर भगतपुवा नाले पर बने पुल के निकट एक पेड़ पर फंदे से उनका शव लटकता मिला। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नीचे उतरवाते हुए परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। हुजूरपुर थाना प्रभारी शमसेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर जांच की जाएगी।