मोतीपुर थानाक्षेत्र के गोपिया गांव में मगरमच्छ के हमले में घायल युवक।
मिहींपुरवा (बहराइच)। मोतीपुर थाना क्षेत्र के गोपिया गांव में रिश्तेदारी में आए एक युवक पर बृहस्पतिवार रात को मगरमच्छ ने हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया गया। थाना खैरीघाट के नरायनपुरवा गांव निवासी 28 वर्षीय कमलेश कुमार की रिश्तेदारी मोतीपुर थाना क्षेत्र के गोपिया गांव में है। कमलेश शौच के लिए सरयू नदी के किनारे गए थे। उसी समय मगरमच्छ ने हमला कर दिया। घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने डंडे मारकर मगरमच्छ से युवक की जान बचाई। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।