स्कूल से पढ़कर लौटा एक 10 वर्षीय मासूम गांव के बाहर खेत में कुछ बच्चों के साथ कंचे खेल रहा था। तभी रंजिश में एक महिला ने अपने पुत्र व पुत्री के साथ मिलकर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। हत्यारे शव छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटा अभी फरार है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर तीन लोगों को नामजद करते हुए हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मासूम की मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है।
रिसिया थाना अंतर्गत सुजातपुर बरईविलासा निवासी तेजबहादुर चौहान का पुत्र श्यामलाल चौहान (10) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र है। वह शनिवार को स्कूल गया था। स्कूल से लौटने के बाद घर के लोगों ने उसे गांव के बाहर खेत में बकरी चराने भेज दिया। देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा। इस पर रात को उसकी खोज शुरू की गई।
तेज बहादुर का बेटा छोटू व उसकी मां पानमती और भतीजा प्रमोद केले के खेत के पास से गुजर रहे थे, तभी गांव के बाहर खेत के बगल में उसका शव टार्च की रोशनी में दिखायी दिया। मौके पर गांव निवासी अजय चौहान, उसकी मां श्यामदुलारी व बहन सुमन भी मौजूद थे। घर के लोगों को देखकर सभी मौके से फरार हो गए। श्यामलाल के शव के पास ही खेत में कुछ कंचे भी पड़े हुए थे।
ऐसे में आशंका है कि कंचे खेल रहे मासूम की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक जयदीप दूबे ने बताया कि तेज बहादुर की तहरीर पर अजय चौहान, श्यामदुलारी व सुमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। श्यामदुलारी व सुमन को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अजय अब भी फरार चल रहा है। पिता तेज बहादुर का कहना है कि पुरानी रंजिश में उसके बेटे की हत्या की गई है।
आठ साल पहले अजय के पिता की हुई थी हत्या
रिसिया थाना क्षेत्र के सुजातपुर गांव निवासी अजय चौहान के पिता रामजुगुल की आठ साल पहले हत्या हो गई थी। इस मामले में तेज बहादुर के परिवार के लोग नामजद हुए थे। बाद में सभी जेल से छूट गए थे। तेज बहादुर का कहना है कि रंजिश में श्यामदुलारी ने अपने बेटे व बेटी के साथ मिलकर उसके पुत्र की हत्या की है। मासूम के साथ लिए गए बदले से आसपास गांव के लोग भी हैरत में हैं।